“रविचंद्रन अश्विन: 537 विकेटों के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा”

अश्विन

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 38 वर्षीय अश्विन ने गाबा टेस्ट के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह चौंकाने वाला फैसला सुनाया। इस मौके पर कप्तान रोहित शर्मा भी उनके साथ मौजूद थे। संन्यास की घोषणा से पहले अश्विन को ड्रेसिंग रूम में विराट कोहली के साथ भावुक पल साझा करते देखा गया।

टेस्ट क्रिकेट में ऐतिहासिक सफर

अश्विन

38 वर्षीय अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 106 मैचों में 537 विकेट झटके। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 59 रन देकर सात विकेट रहा। घरेलू मैदान पर उनका दबदबा ऐसा था कि वह टीम इंडिया के स्पिन अटैक की रीढ़ माने जाते थे। उन्होंने 37 बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया, जो किसी भी भारतीय गेंदबाज द्वारा सर्वाधिक है। जो उन्हें भारतीय टेस्ट इतिहास में अनिल कुंबले के बाद दूसरा सबसे सफल गेंदबाज बनाते हैं।  उनका औसत 24.00 और स्ट्राइक रेट 50.73 का रहा। अश्विन ने टेस्ट में 37 बार पांच विकेट झटककर मुथैया मुरलीधरन और शेन वॉर्न के साथ खास क्लब में अपनी जगह बनाई।

बल्लेबाजी में भी कमाल

अश्विन न केवल गेंद से बल्कि बल्ले से भी चमके। टेस्ट में उन्होंने 3503 रन बनाए, जिनमें छह शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 124 रन है। इसके अलावा वनडे में उन्होंने 707 रन और टी20 में 184 रन बनाए। उनका यह प्रदर्शन उन्हें ऑलराउंडर्स की सूची में विशेष स्थान दिलाता है।

अश्विन

 

वनडे और टी20 में योगदान

अश्विन ने वनडे में 116 मैच खेलकर 156 विकेट लिए, जबकि टी20 में 65 मैचों में 72 विकेट चटकाए। वनडे में उनकी इकोनॉमी 4.93 और टी20 में 6.90 की रही। हालांकि, इन प्रारूपों में वह पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा नहीं कर पाए।

यह भी पढ़ें :-👉Ravichandran ashwin स्पिन के जादूगर जिसने दुनियाभर के बल्लेबाजों को नचाया अपनी फिरकी से

आईपीएल में जारी रहेगा सफर

अश्विन अब सिर्फ आईपीएल में खेलते नजर आएंगे। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी टीम में शामिल किया है। अश्विन 2011 विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे, लेकिन इसके बाद वह कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत सके।

ऐतिहासिक उपलब्धियां

अश्विन टेस्ट क्रिकेट में 11 बार प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले पहले भारतीय हैं। उन्होंने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और तब से भारतीय टीम का अहम हिस्सा बने रहे। उनका संन्यास भारतीय क्रिकेट के लिए एक युग के अंत जैसा है।

अब अश्विन अपनी बेमिसाल प्रतिभा के साथ आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आएंगे। उनके प्रशंसकों के लिए यह एक नई शुरुआत होगी, जहां वे उनके हुनर का लुत्फ उठा सकेंगे।