जैसे-जैसे IPL 2025 के फाइनल (3 जून, मंगलवार) की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चैंपियन टीम को लेकर चर्चाएं तेज होती जा रही हैं। इसी बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने एक ऐसी भविष्यवाणी कर दी है, जिसने क्रिकेट फैंस के बीच खलबली मचा दी है।
41 वर्षीय डेल स्टेन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा—
“क्या आप यकीन कर सकते हैं? रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL जीत लिया है!”
उनकी इस पोस्ट को हजारों लाइक्स और कमेंट मिल चुके हैं और यह ट्वीट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। खासकर RCB के फैंस इसे बेहद पसंद कर रहे हैं और इसे टीम के पहले खिताब की उम्मीद के रूप में देख रहे हैं।
RCB के लिए यह पल बेहद खास है, क्योंकि रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने चौथी बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले RCB 2009, 2011 और 2016 में फाइनल खेल चुकी है लेकिन हर बार खिताब जीतने से चूक गई। ऐसे में इस बार टीम के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।
IPL 2025 – Points Table
IPL 2025: लीग स्टेज में दमदार प्रदर्शन
आईपीएल 2025 के लीग स्टेज में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 में से 9 मुकाबले जीते और दूसरे स्थान पर रहते हुए टॉप-2 में जगह बनाई। क्वालीफायर-1 में टीम ने पंजाब किंग्स को करारी शिकस्त देकर सीधे फाइनल में प्रवेश किया। अब RCB फाइनल में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले क्वालीफायर-2 के विजेता से भिड़ेगी।
IPL इतिहास में अब तक की चैंपियन टीमें
आईपीएल के इतिहास में अब तक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) ने सबसे ज्यादा—5-5 खिताब अपने नाम किए हैं।
- CSK ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023
- MI ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताबी जीत दर्ज की।
इनके अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 2012, 2014 और 2024 में तीन बार ट्रॉफी उठाई है।
वहीं,
- गुजरात टाइटंस ने 2022
- राजस्थान रॉयल्स ने 2008
- सनराइजर्स हैदराबाद ने 2016
- और डेक्कन चार्जर्स ने 2009 में एक-एक बार खिताब जीता है।
दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अब तक एक भी खिताब नहीं जीत सके हैं। लेकिन अगर डेल स्टेन की भविष्यवाणी सही साबित होती है, तो 2025 का सीजन RCB के लिए ऐतिहासिक बन सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या RCB इस बार अपने नाम के साथ जुड़ा ‘अविजेता’ का टैग हटाकर IPL की ट्रॉफी उठा पाएगी या नहीं।
Also Read :